महोबा में कागजात न होने पर बाइक का चालान हो जाने के बाद न्यायालय से गाड़ी छुड़वाने के लिए कचहरी गए दबंग ने अधिवक्ता से मारपीट कर दी। मारपीट देखकर आसपास मौजूद अन्य वकीलों को आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना कबरई के ग्राम गहरा निवासी धीर सिंह पुत्र कोमल सिंह की गाड़ी के कागजात न होने पर तीन दिन पहले पुलिस ने चालान कर दिया था। सीजेएम कोर्ट में कागज आने पर जुर्माना देकर गाड़ी छुड़वाने के लिए धीर सिंह ने कचहरी में बैठने वाले अधिवक्ता उमेश यादव पुत्र जीतू यादव निवासी बजरिया के जूनियर रूपचंद्र से संपर्क किया।
दो दिन बीत जाने के बाद भी गाड़ी न छूटने पर धीर सिंह कचहरी पहुंचा और अधिवक्ता के साथ गालीगलौज करने लगा। अधिवक्ता ने जूनियर के आ जाने की बात कही लेकिन दबंग भड़क गया और अधिवक्ता के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी धीर सिंह के खिलाफ गालीगलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है।