पैसे लेकर बाइक ट्रांसफर न कराने वाले दलाल को मंगलवार को आवेदक और उसकी बहन ने आरटीओ में घेर लिया। दस्तावेज और पैसे वापस मांगने पर पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट होने लगी। आवेदक ने उससे दस्तावेज छीन लिए। हंगामे की सूचना पर एआरटीओ और आरआई पहुंच गए। दलाल से पैसे वापस कराए और उसे परिसर से बाहर भगाया। आवेदक के दस्तावेजों की जांच करा बाइक ट्रांसफर कराने का आश्वासन दिया।
कानपुर देहात के रूरा क्षेत्र के बनीपारा निवासी अमित ने लालबंगला निवासी हर्ष सिंह चौहान से 30 हजार रुपये में बाइक खरीदी थी। बाइक के स्वामित्व हस्तांतरण के लिए हर्ष ने आरटीओ परिसर में काम कराने वाले राजेश नाम के दलाल से संपर्क कराया। बाइक पर एक-एक हजार रुपये के तीन चालान भी हैं। आरोप है कि ट्रांसफर कराने के नाम पर दलाल ने अमित से छह माह पहले पांच हजार रुपये ले लिए थे पर बाइक ट्रांसफर नहीं कराई।