हमीरपुर बेतवा नदी में शुक्रवार की दोपहर चार युवक नहा रहे थे। जिन्हें सब्जी की बारी में काम कर रही महिलाओं ने मना किया। महिलाओं के मना करने पर युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं की चीख पुकार सुनकर बारी में काम कर रहे लोगों ने एक युवक को पकड़कर पीट दिया और कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।
मुख्यालय स्थित बेतवा नदी में शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे चार युवक नहा रहे थे। जिन्हें पास में लगी सब्जी की बारी में काम कर रही वृद्धा सोमवती ने नहाने से मना किया। चारों युवक महिला से विवाद करने लगे। बारी में काम कर रही अन्य महिलाएं ममता, गुंजा, किरन आ गईं।
जिस पर युवकों ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। महिलाओं की चीख पुकार सुनकर पास में काम कर रहे अन्य लोगों ने ललकारा। इस पर भाग रहे युवकों में एक युवक को पकड़ लिया। उन लोगों ने युवक को रास्ते में मारते हुए कोतवाली लाकर पुलिस के हवाले कर दिया।
महिलाओं ने युवकों पर गंदी हरकतें करने का आरोप लगाया है। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी लाला पुत्र जब्बर निवासी रमेड़ी तरौस को जेल भेज दिया।