यूपी के हरदोई जिले में कार्तिक पूर्णिमा पर राजघाट में गंगा स्नान को बृहस्पतिवार रात बाइक से जा रहे चाचा-भतीजे की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। एक घायल का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरगदिया निवासी अरुण (35) पुत्र मुरली अपने साढ़ू ग्राम गोदाई निवासी हरीशचंद्र (35) पुत्र शिवदीन के साथ बाइक से गंगा स्नान के लिए रात साढ़े दस बजे घर से निकला था। अरुण इसी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घोसार निवासी रिश्ते के चाचा सियाराम (40) पुत्र बटेश्वर को भी साथ में ले लिया और बाइक से तीनों गंगा स्नान के लिए चल दिए। हरदोई बिलग्राम मार्ग पर सुरसा थाना क्षेत्र के मझिला पुल के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
सियाराम की मौके पर मौत हो गई, जबकि अरुण और हरीशचंद्र जख्मी हो गए। शुक्रवार तड़केे हुए हादसे की जानकारी गश्त कर रही यूपी 100 की टीम ने एंबुलेंस सेवा को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सियाराम को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि कुछ देर बाद अरुण की भी मौत हो गई। घायल हरीशचंद्र की सूचना पर तड़के साढ़े चार बजे परिजन अस्पताल पहुंचे और हरीशचंद्र को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल ले गए।