वर्तमान दौर में रिटेल व्यवसाय को सोशल मीडिया के जरिए एक सशक्त ब्रांड में बदला जा सकता है। व्यवसाय को ब्रांड बनाने के लिए रीजनल बाजार के रिटेलर्स को नये दृष्टिकोण और नवीन प्रयोगों के जरिए बाजार में उतरना होगा। ब्रांड बिल्डिंग में डिजिटल, सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया अहम भूमिका निभा रहे हैं।
विज्ञापन
रविवार को अमर उजाला की ओर से कानपुर के होटल विजय इंटरकांटिनेंटल, तिलक नगर में आयोजित बिजनेस स्ट्रेटेजिस्ट मीट में यह जानकारी इंडस न्यूज एंड मीडिया, मुंबई के निदेशक मनीष गुप्ता ने दी। वे अमर उजाला के इस तीन दिवसीय अभिनव प्रयास के शुभारंभ के मौके पर रिटेलर्स को संबोधित कर रहे थे।
अमर उजाला का कार्यक्रम
मनीष गुप्ता ने कहा कि ऑनलाइन स्टोर्स रिटेल व्यवसायियों के सामने कड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। आज सोशल मीडिया और ऑनलाइन कारोबार कंपनियों के बदौलत उपभोक्ताओं को उत्पादों और सेवाओं की पहले से ही खासी जानकारी मिल जाती है। युवा आज खरीदारी के नये माध्यमों को तरजीह दे रहे हैं। त्योहारों-शादियों समेत खास मौकों पर युवाओं की पसंद से ही खरीदारी की जा रही है।
ऐसे में रिटेलर्स को भी अपने व्यवसाय के तरीकों में परिवर्तन करने की जरूरत है। इसके लिए उचित जानकारी और प्रशिक्षण की जरूरत होगी। शहर में रिटेल व्यवसाय को नई दिशा देने के लिए आयोजित ब्रांड स्ट्रेटजिस्ट कार्यक्रम के प्रति रिटेल व्यवसायियों में खासी उत्सुकता देखने को मिली। व्यवसायियों ने विशेषज्ञों से नए माध्यम के जरिए अपने व्यवसाय को ब्रांड बनाने के लिए सवाल भी पूछे। कार्यक्रम में शामिल रिटेलर्स साथियों ने भी अपने व्यवसाय को बढ़ाने के दौरान मिले अनुभवों को साझा किया।
युवा तय कर रहे बाजार
अमर उजाला का कार्यक्रम
वर्तमान में बाजार की दिशा युवा खरीदार तय कर रहे हैं। इसके चलते ही ऑनलाइन कारोबार दिनोंदिन बढ़ रहा है। बाजार में करीब 16 करोड़ ऑनलाइन ग्राहक हैं। स्मार्टफोन से ऑनलाइन खरीदारी करने वालों की संख्या इसमें और इजाफा करती है। सोशल मीडिया पर भी एक बड़ा बाजार तैयार हो रहा है। जरूरत इस बात की है कि रिटेलर्स साथी अपनी पहुंच कितने ग्राहकों तक पहुंचा सकते हैं। अमर उजाला डॉट कॉम, माय सिटी एप और अमर उजाला के जरिए ब्रांड बिल्डिंग कर ग्राहकों से सीधा जुड़ा जा सकता है।
ग्राहकों के अनुसार करें बदलाव
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि शहर के भरोसेमंद दुकानदार उपभोक्ताओं की पसंद बनने के लिए खुद में बदलाव लाएं। अमर उजाला शहर के रिटेलर्स को मंच देने के लिए इस तरह के आयोजन करता है। दिवाली पर शुभ लाभ महोत्सव, नये साल पर मिडनाइट बाजार में रिटेलर्स को अपने स्टाल लगाने और अपने ब्रांड को पहुंचाने का मौका दिया जाता है। इनमें डिस्काउंट और ऑफर भी ग्राहकों को आकर्षित करते हैं। इससे रिटेलर्स और ग्राहक के बीच सीधा संवाद स्थापित होने का मौका दिया जाता है।
रिटेलर्स ने बांटे अनुभव
अमर उजाला का कार्यक्रम
सफलता के लिए जो कहा, वो किया
अपने व्यवसाय को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए हमने जो कहा, वही किया के फार्मूले को अपनाया। गुणवत्ता, स्वच्छता और मानकों के मुताबिक खाद्य पदार्थों को तैयार करना ही हमारी पहचान है। आज के बदलते दौर में व्यवसाय को बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद कारगर हैं।
विजय पांडेय, पंडित रेस्टोरेंट एंड होटल
आज का दौर डिजिटल का है। अमर उजाला ने बदलते ट्रेंड और नये माध्यमों से व्यवसाय को बढ़ाने की जानकारी दी। इसका व्यापारी और रिटेलर्स साथियों को सीधा फायदा मिलेगा। उनके व्यवसाय को नई दिशा मिलेगी।
हरमिंदर सिंह, अमर मोटर्स
अमर उजाला की ओर से रिटेलर्स को स्थापित करने और उन्हें बिजनेस के नये टिप्स समझाने की पहल स्वागत योग्य है। इस तरह के आयोजन शहर के रिटेलर्स को ब्रांड के रूप में स्थापित होने में फायदा पहुंचाएंगे।
विनोद गंगवार, वृंदावन गैलेक्सी
अमर उजाला का यह प्रयास बेहद सराहनीय है। रिटेल व्यवसायियों ने इस मीट से कई नई जानकारियां हासिल की हैं। इसका लाभ निश्चित रूप से मिलेगा।
सुरेश-पूनम सिंहवानी सिंहवानी टेलीकॉम
आज के दौर में ग्राहकों की पसंद और खरीदारों के तरीकों को समझना बहुत जरूरी है। ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने के लिए यह प्रयास बेहद सराहनीय रहा।
मदन लाल अरोड़ा, लोकेश अरोड़ा
हर दौर में ग्राहकों के विश्वास हमारी सफलता का मूलमंत्र रहा है। बदलते दौर में तकनीक से जुड़ाव हर व्यवसाय और ब्रांड के लिए जरूरी है। इस तरह के आयोजनों से स्थानीय रिटेलर्स को अपने ब्रांड का विस्तार करने की समझ और जानकारी मिलती है।
जय किशन, दक्षिणम सारीज
कार्यक्रम के समापन के मौके पर लकी ड्रा भी निकाला गया। जैज आइज की अंशिका गुप्ता और अंकित कटियार ने लकी ड्रा निकाला। लकी ड्रा की विजेता विजय पंडित की ओर से संचालित गोशाला सोसाइटी को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
यह भी मौजूद रहे
कार्यक्रम में एडवरटाइजिंग एजेंसी वैम से गोपाल द्विवेदी, डैप्स से परेश चतुर्वेदी, श्रीबालाजी एड क्रिएशन से गोपाल शुक्ला, नीते से भूपेंद्र श्रीवास्तव, वीएन से सुमित पाल, राजकुमार बाजपेयी, सनराज बाजपेयी आदि मौजूद रहे।