शिवली। मैथा के तहसीलदार की फेसबुक आईडी किसी शातिर ने हैक कर ली। इसके बाद फ्रेंड लिस्ट के दोस्तों को संदेश भेजकर रुपये मांगना शुरू कर दिया। कुछ दोस्तों ने तहसीलदार को फोन कर इसकी जानकारी दी। वहीं तहसीलदार की तहरीर पर कोतवाली पुलिस छानबीन कर रही है।
तहसीलदार रामशंकर ने शुक्रवार को पुलिस को बताया कि उनका फेसबुक अकाउंट किसी ने हैक कर लिया। हैकर्स ने कई दोस्तों को मैसेज कर दस हजार रुपये की मांग की। उसने ऑनलाइन रुपये भेजने के लिए एक नंबर भी दिया। दोस्तों ने जब इस बाबत उन्हें फोन किया तो उन्हें फेसबुक अकाउंट हैक होने का पता चला। हालांकि किसी दोस्त ने रुपये नहीं दिए हैं।
बता दें कि कुछ दिन पूर्व किसी हैकर्स ने मैथा एसडीएम रामशिरोमणि की भी फेसबुक आईडी हैक कर ली थी। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी प्रमोद शुक्ला ने बताया कि तहसीलदार की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
डीएम की फर्जी आईडी बनाकर मांगे थे 35 हजार रुपये
कानपुर देहात। हैकर्स लगातार लोगों के फेसबुक अकाउंट को हैक कर या फिर फर्जी आईडी बनाकर रुपये की मांग कर रहे हैं। पिछले दिनों किसी शातिर ने डीएम के सरकारी फेसबुक अकाउंट से मिलती जुलती फर्जी आईडी बना ली। 57 लोगों ने फ्रैंड रिक्वेस्ट भेजी तो हैकर्स ने उन्हें दोस्त बना लिया। इसके बाद मैसेंजर पर संदेश भेजकर 35 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी।
हालांकि किसी ने ठगी की शिकायत नहीं की। कुछ लोगों ने इसका स्क्रीन शॉट लेकर वायरल कर दिया। फरवरी में भी डीएम के सरकारी फेसबुक अकाउंट की फर्जी आईडी बनाकर हैकर्स ने रुपये मांगे थे। तत्कालीन डीएम ने 19 फरवरी को कोतवाली अकबरपुर में अज्ञात पर धोखाधड़ी व आईटी एक्ट में केस दर्ज कराया था।
हालांकि पुलिस हैकर्स तक नहीं पहुंच सकी। डीएम के सरकारी फेसबुक अकाउंट को चलाने वाले ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तेजस्वी कुमार ने बताया कि पूर्व में एक केस दर्ज है। फर्जी आईडी के मामले में डीएम ने एसपी से वार्ता की है।