इटावा जिले के बकेवर में बाइक सवार युवक की शुक्रवार रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। उल्टी दिशा से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मैनपुरी जिले के करहल कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार (24) पुत्र महेशचंद्र शुक्रवार रात बाइक से बकेवर क्षेत्र के जयमलपुर गांव स्थित अपनी ससुराल से लौट रहा था। रात करीब आठ बजे सिक्सलेन हाइवे पर कुड़रिया रजवहा के पास उल्टी दिशा से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही धर्मेंद्र बुरी तरह से घायल हो गए। राहगीरों ने युवक को लहूलुहान हालत में देख घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक के मोबाइल से घरवालों को सूचित किया गया।
मृतक के पारिवारिक भाई विपिन ने बताया कि धर्मेंद्र खेतीबाड़ी और मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण कर रहा था। पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। उससे दो साल की बेटी है। साल भर पहले उसकी जयमलपुर गांव से दूसरी शादी हुई थी। मौजूदा पत्नी गर्भवती जलालपुर गांव में है।
धर्मेंद्र किसी काम से अपनी ससुराल गया था। उसकी मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। धर्मेंद्र ने हेलमेट पहन रखा था। बस की टक्कर लगने से उछला और उसका हेलमेट सिर से निकल गया। हादसे में धर्मेंद्र के सिर पर गंभीर चोट आई थी।