महोबा जिले में कोतवाली चरखारी के गुढ़ा गांव में खेत पर बने मकान में रह रहे वृद्ध किसान की हत्या की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा किया है। छोटे बेटे ने ही जमीन के लालच में पिता की ईंट से कूंचकर हत्या की थी। अमर उजाला ने घटना वाले दिन ही बेटे पर हत्या का शक होने की आशंका जताई थी, वह सही निकली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ईंट बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
गुढ़ा गांव निवासी लालदिवान राजपूत के पास 60 बीघा जमीन थी। उसने पांच साल पहले 19 बीघा भूमि बेचकर रुपये दोनों पुत्रों को बांट दिए थे। दस-दस बीघा भूमि भी उनके नाम कर दी थी। शेष बची 21 बीघा भूमि में वह खेती करता था और खेत में बने मकान में ही रहता था। 26 दिसंबर की रात लालदिवान की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच की। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। साक्ष्यों और बयानों के आधार पर मृतक के छोटे बेटे भागवली से कड़ाई से पूछताछ की गई।