फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahoba: प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर हंगामा, सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के बयान पर भड़की भाजपा

सार

Mahoba News: हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी संसदीय सीट से समाजवादी पार्टी सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद जिले की राजनीति में उबाल आ गया।
विज्ञापन
अजेन्द्र सिंह लोधी ( सपा सांसद ) - फोटो : वीडिओ ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बुंदेलखंड की हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी संसदीय सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के एक विवादास्पद बयान ने उत्तर प्रदेश की सियासत में उबाल ला दिया है। सोमवार को जिला कलक्ट्रेट में आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करते हुए उन्हें 'देशविरोधी' करार दिया। इस बयान के सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद शहर के आल्हा चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया।

विज्ञापन

कलक्ट्रेट में प्रदर्शन के दौरान 'फिसली' जुबान

सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बिजली कटौती, पेयजल संकट, स्मार्ट मीटर की समस्याओं और फसल बीमा घोटाले को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने मर्यादा की सीमाएं लांघ दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें देशविरोधी बताया और कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री न पहले कभी हुआ और न आने वाली सरकारों में होगा।

ईवीएम और स्मार्ट मीटर पर भी उठाए सवाल

सांसद ने केवल व्यक्तिगत टिप्पणी ही नहीं की, बल्कि सरकार की नीतियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि घरों में लगे स्मार्ट मीटर बिजली न रहने पर भी चलते रहते हैं। साथ ही उन्होंने जिले में फसल बीमा के बड़े घोटाले और सैकड़ों विद्यालयों के बंद होने का मुद्दा उठाया। सांसद ने बंगाल की स्थिति और ईवीएम की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े किए और दावा किया कि 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।



 

आल्हा चौक पर भाजपाइयों का 'हल्ला बोल'

सांसद के इस आपत्तिजनक बयान की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी आल्हा चौक पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंकते हुए तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। भाजपाइयों का कहना है कि देश के संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ ऐसी भाषा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सांसद बोले- 'हम डरने वाले नहीं'

पुतला फूंके जाने और विरोध की खबरों के बीच सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के तेवर नरम नहीं पड़े हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, "विरोधी लोग कुछ भी कर सकते हैं, उन्हें करने दें। हम डरने वाले नहीं हैं और सच्चाई बोलते रहेंगे। अगर भाजपा वाले मुकदमा लिखवाना चाहते हैं, तो लिखवा दें, इससे ज्यादा और क्या होगा।"

विज्ञापन

तनावपूर्ण माहौल, पुलिस की नजर

महोबा में इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया है। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है। भाजपा इस मामले को लेकर कानूनी रुख अख्तियार करने की तैयारी में है, जबकि सपा सांसद अपने रुख पर अड़े हुए हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें