सुखलाल व सुभाष की फाइल फोटो, दुर्घटना के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
महोबा जिले के महोबकंठ में बैंदो-कोहनिया मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में वार्ड ब्वाय समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि युवती समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी पनवाड़ी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और दो की जान चली गई।
थाना महोबकंठ के कोहनिया निवासी सुखलाल (56) स्वास्थ्य केंद्र बैंदो में वार्ड ब्वाय के पद पर तैनात था। वर्तमान में वह मध्यप्रदेश के हरपालपुर में निवास बनाकर रहता था। मंगलवार की शाम अस्पताल से ड्यूटी कर वह अपने साथी परसद्दी श्रीवास (50) के साथ बाइक से हरपालपुर जा रहा था। तभी बैंदो-कोहनिया मार्ग पर बाबू तालाब के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में सुखलाल की मौके पर मौत हो गई जबकि परसद्दी घायल हो गया।