तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमीरपुर जनपद के मौदहा थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव निवासी विमला (45) अपनी बहन कमला (40), निवासी वंशिया थाना चंदला, मध्य प्रदेश के साथ मायके खरेला थाना क्षेत्र के बरायं गांव आई थीं। रविवार को विमला अपने 18 वर्षीय बेटे कपिल और बहन कमला समेत अन्य परिजनों के साथ रिवई गांव में अपने भाई वरदानी के बेटे के मुंडन संस्कार में शामिल होने गई थीं।
शाम करीब साढ़े चार बजे विमला, कपिल और कमला बाइक से वापस लौट रहे थे। पुन्नियां-गहरौली मोड़ के पास गहरौली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची खरेला पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें चरखारी और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।