इंद्रकांत त्रिपाठी की हत्या के मामले में फरार है आईपीएस मणिलाल पाटीदार
- फोटो : amar ujala
इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा महोबा के निलंबित एसपी मणिलाल पाटीदार के बारे में पूरी रिपोर्ट तलब करने और लापता होने के मामले में राज्य सरकार से जवाब मांगे जाने के बाद एक बार फिर गिरफ्तारी के प्रयास तेज हो गए हैं। चित्रकूट धाम मंडल परिक्षेत्र के आईजी के. सत्यनारायण ने जिले से दो टीमें राजस्थान भेजी हैं जो दस दिन रुककर लापता पाटीदार की तलाश करेंगी।
रविवार को एक और टीम महोबा से राजस्थान भेजी जाएगी। कबरई के व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी मौत के मामले में निलंबित एसपी मणिलाल पाटीदार को पुलिस आज तक नहीं खोज सकी। पाटीदार को भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। साथ ही उन पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा गया है लेकिन आठ माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा है।
कोर्ट के आदेश के बाद एक बार फिर पाटीदार की तलाश में टीमों को सक्रिय किया गया है। आईजी के. सत्यनारायण ने बताया कि दो टीमें राजस्थान भेजी गई हैं। जो दस दिन वहां रुककर निलंबित पाटीदार की तलाश करेंगी। रविवार को एक और टीम महोबा से भेजी जाएगी। टीमें पाटीदार के निवास के अलावा रिश्तेदारों व अन्य स्थानों पर भी तलाश करेंगी। निलंबित एसपी की अंतिम लोकेशन के सवाल पर आईजी कोई जानकारी नहीं दे सके।