फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahoba: बहन की शादी और 11 सिलिंडरों की 'जंग'; डीएम की चौखट पर पहुंचा भाई, ADM-DSO को मिला निस्तारण का जिम्मा

Thu, 09 Apr 2026 09:07 AM IST
Himanshu Awasthi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, महोबा

सार

Mahoba News: कबरई के मकरबई गांव के आदित्य सिंह ने अपनी बहन की पांच मई को होने वाली शादी में 11 गैस सिलिंडरों की व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। हलवाई और कैटरिंग संचालकों ने गैस के अभाव में काम करने से मना कर दिया है, जिसके बाद डीएम ने डीएसओ को समाधान के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
बहन की शादी के लिए गैस सिलिंडरों को लेकर समस्या बताता भाई - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महोबा जिले में बहन की शादी में 11 गैस सिलिंडरों की व्यवस्था के लिए उसका भाई जिलाधिकारी के सामने पहुंचा। भाई ने जिलाधिकारी से बहन की शादी का हवाला देते हुए 11 गैस सिलिंडर की मांग रखी। इससे उसकी बहन की शादी सम्मान के साथ हो सके। जिलाधिकारी ने एडीएम व डीएसओ को इस समस्या के निस्तारण की जिम्मेदारी दी है। फिलहाल भाई अफसरों के भरोसे है।

विज्ञापन

थाना कबरई के मकरबई गांव निवासी आदित्य सिंह की बहन अनुराधा की शादी 5 मई को होनी है। इसके लिए परिजनों ने महोबा शहर में एक गेस्ट हाउस भी बुक कर दिया है। मेहमानों के स्वागत के लिए सारा इंतजाम हो चुका है। हलवाई भी बुक हो चुका है। हलवाई ने आदित्य सिंह से शादी में आने वाले करीब 800 मेहमानों के खाने के लिए 11 गैस सिलिंडरों की व्यवस्था करने को कहा है।

एडीएम और डीएसओ को समाधान के निर्देश
उसने गांव में आस-पड़ोस में मांगकर 11 खाली सिलिंडरों का इंतजाम कर लिया है, लेकिन अब सिलिंडर भराने की चुनौती आ गई है। सिलिंडर कैसे भरेंगे यह समझ में नहीं आ रहा है। उसने गैस एजेंसी में बातचीत की, लेकिन वहां से साफ मना कर दिया गया। जिलाधिकारी ने एडीएम और डीएसओ को समाधान के निर्देश दिए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव तिवारी का कहना है कि शादी का मामला सामने आया है। नियमानुसार गैस सिलिंडरों की व्यवस्था कराई जाएगी।

बिना सिलिंडर नहीं बनेगी बात
कैटरिंग संचालक बिना सिलिंडर ऑर्डर नहीं ले रहे हैं। वह आयोजक से ही सिलिंडर की व्यवस्था कराने की बात कह रहे हैं। शहर के राजू-विशाल कैटर्स से बातचीत की तो उन्होंने सारी व्यवस्थाओं पर हामी भरी लेकिन गैस सिलिंडर के बावत उन्होंने भी हाथ खड़े कर दिए। आदित्य ने बताया कि कैटरिंग वालों ने कहा कि गैस सिलिंडर की व्यवस्था करके देना ही पड़ेगा, तभी आगे काम होगा। वह सिलिंडर का इंतजाम नहीं कर पाएंगे।

लकड़ी का विकल्प भी आजमाया
आदित्य ने खाना पकवाने के लिए हलवाई से लकड़ी-कोयला भट्टी का विकल्प भी बताया, लेकिन हलवाई ने गर्मी के इस मौसम में भट्ठी पर काम करने से हाथ खड़े कर दिए और हर हाल में सिलिंडर लाने को कहा। इसके बाद से आदित्य सिलिंडरों की व्यवस्था के लिए प्रयासरत है।
विज्ञापन





सपा व्यापार सभा ने जन आंदोलन की दी चेतावनी

गैस सिलिंडरों की आपूर्ति में कमी, महंगाई आदि को लेकर समाजवादी व्यापार सभा की ओर से मिल्कीपुरा में बैठक की गई। इसमें बढ़ती महंगाई, गैस सिलिंडरों की आपूर्ति में कमी को लेकर सरकार की निंदा करते हुए नाराजगी जताई गई। जिलाध्यक्ष संतोष साहू ने कहा कि इन समस्याओं के खिलाफ जन आंदोलन किया जाएगा। गैस सिलिंडर न मिलने से सड़क किनारे दुकान लगाने वाले, होटल, ढाबा कारोबारियों का व्यापार चौपट हो चुका है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें