अवैध असलहा फैक्टरी का पुलिस ने किया भंडाफोड़
- फोटो : अमर उजाला
महोबा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरात पहाड़ी में पुलिस ने छापा मारकर अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। खेत में बनी झोपड़ी से पुलिस ने 8 बने और दो अधबने तमंचों के साथ उपकरण बरामद किए। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा।
एसपी ने शहर कोतवाली पुलिस की इस सफलता पर टीम को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। पुलिस अधीक्षक स्वामीनाथ के निर्देशन में अवैध शस्त्र निर्माण व बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी को सूचना मिली कि ग्राम बरात पहाड़ी में एक खेत में बनी झोपड़ी में अवैध असलहे बनाने का कारोबार चल रहा है।