खरेला थाना खरेला के पहरेथा गांव में किसान का शव शनिवार की सुबह संदिग्ध हालात में बबूल के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। शराब पीने को लेकर पत्नी से कहासुनी होने के बाद किसान घर से निकल गया था। शव के पास ही जहर की खाली शीशी बरामद हुई। आशंका जताई जा रही है कि जहर खाने से किसान की मौत हुई है।
पहरेथा गांव निवासी देवेंद्र सिंह (45) आठ बीघा भूमि में खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार को वह शराब के नशे में घर पहुंचा। किसी बात को लेकर पत्नी सदा सिंह से कहासुनी हो गई। इससे नाराज होकर वह घर पर मोबाइल रखकर निकल गया। शनिवार की सुबह उसका शव अतरौली गांव के मलखान के खेत में लगे बबूल के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सीओ कुलपहाड़ रविकांड गोंड, थानाध्यक्ष नन्हेलाल यादव, पुलिस बल व फाॅरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। माैके से जहर की खाली शीशी, चप्पल और कपड़े मौके पर मिले। देवेंद्र के पास से आठ हजार रुपये भी मिले।
भाई बालेंद्र सिंह ने बताया कि देवेंद्र पर बैंक व साहूकारों का कुछ कर्ज था। बेटी की शादी का इंतजाम न होने से वह परेशान रहता था। इस बार फसल में बेहतर पैदावार भी नहीं हुई। सीओ कुलपहाड़ का कहना है कि शव की शिनाख्त देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। परिजन से पूछताछ में पता चला कि वह शराब पीने का आदी था। शुक्रवार को भी उसने शराब पी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।