शाहपहाड़ी-महोबा मार्ग पर खनिज बैरियर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में मासूम बालिका की मौत हो गई जबकि माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पिता की हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने झांसी रेफर कर दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन व उसके चालक की तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के पसवारा निवासी परशुराम अहिरवार (45) रविवार की शाम बाइक से पत्नी रानी (35) व बेटी रागिनी (07) के साथ थाना श्रीनगर के भंडरा गांव में बीमार अपनी सरहज गीता को देखने जा रहा था। खनिज बैरियर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने मासूम रागिनी को मृत घोषित कर दिया।