क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के मामले में फरार 50 हजार के इनामी निलंबित आईपीएस मणिलाल पाटीदार का सुराग लगा पाने में महोबा और प्रयागराज पुलिस के साथ ही एसटीएफ अभी तक नाकाम साबित हुई है।
अब पुलिस अफसरों ने फरार आईपीएस पर इनाम की राशि बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। अगर मणिलाल पाटीदार ने जल्द आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उस पर इनाम की राशि बढ़ना तय है। कबरई कस्बा निवासी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत को चार महीना 20 दिन गुजर गए हैं, लेकिन पुलिस अभी मुख्य आरोपी तत्कालीन एसपी मणिलाल पाटीदार को गिरफ्तार करना तो दूर उसका सुराग भी नहीं लगा पाई है।
मणिलाल की तलाश में महोबा पुलिस के साथ ही मामले की विवेचना कर रहे एसपी क्राइम प्रयागराज आशुतोष मिश्रा के अलावा एसटीएफ (स्पेशल टॉस्क फोर्स) की प्रयागराज यूनिट भी नाकाम साबित हुई है। हालांकि, पुलिस विभाग के बड़े अफसर घटना के बाद से मणिलाल को जल्द गिरफ्तार करने का दावा करते आ रहे हैं।