मृतक की पत्नी तारादेवी को हर संभव मदद का भरोसा देते कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय
- फोटो : अमर उजाला
ब्लॉक कबरई के पवा गांव में एसआईआर कार्य में सहयोग कर रहे शिक्षामित्र की मौत के बाद रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शिक्षामित्र के परिजनों से मिले। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। मांग पूरी न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
प्राथमिक विद्यालय पवा में तैनात शिक्षामित्र शंकर लाल राजपूत को मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य में बीएलओ के सहयोग का जिम्मा सौंपा गया था। तीन दिसंबर को उनका शव कुएं में मिला था। उनकी पत्नी तारा देवी, चार बेटियों पूजा, सोना, नीलम, अंजली और एक बेटे राजवीर का रो-रोकर बुरा हाल है। शंकरलाल के एसआईआर कार्य से जुड़े होने के कारण राजनीति भी गरमा गई। रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय श्रीनगर के पवा गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक की पत्नी तारा देवी और बच्चों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संतोष धुरिया, प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह, तुलसीदास राजपूत, अशफाक सरवर, प्रदेश सचिव रामकिशोर सोनी, कुंवर राकेश सिंह, प्रमोद कुमार सोनी मौजूद रहे।
चार लाख रुपये प्रशासन से स्वीकृत
बीएसए राहुल मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन ने चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर दी है। सोमवार को परिजनों के बैंक खाते में यह राशि पहुंच जाएगी। बीएसए ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिवार काफी बड़ा है और सभी सदस्य मिलकर पीड़ित परिवार के लिए सहायता राशि अलग से जुटाएंगे, इससे पीड़ित परिवार की मदद की जा सके।