ट्रेन की स्प्रिंग ठीक करने इंजीनियर
- फोटो : अमर उजाला
नई दिल्ली से कटिहार जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस (15484) मंगलवार को रेलवे की सतर्कता से दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। दरअसल, सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेन की चेकिंग के दौरान एस 2 कोच की स्प्रिंग टूटी मिली। काफी मशक्कत के बाद भी स्प्रिंग नहीं बदली जा सकी।
अंत में कोच को हटवाकर ट्रेन रवाना की गई। सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर मंगलवार दोपहर 3:13 बजे महानंदा एक्सप्रेस पहुंची। चेकिंग स्टाफ ने ट्रेन की जांच की तो एस 2 कोच की स्प्रिंग टूटी मिली। स्टेशन अधीक्षक आरएनपी त्रिवेदी को इसकी सूचना दी गई।
डिप्टी एसएस कामर्शियल को ट्रेन को रवाना न करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद रेलवे स्टाफ ने स्प्रिंग बदलने के लिए काफी मशक्कत की लेकिन सफलता नहीं मिली। अंत में स्टेशन अधीक्षक ने एस 2 कोच के यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट कराया। एस 2 कोच ट्रेन से हटा दिया गया। इसके बाद करीब तीन घंटे देरी से ट्रेन रवाना हो सकी।
स्प्रिंग का काम
स्लीपर कोच में लगे स्प्रिंग शॉकर का काम करते हैं। यदि स्प्रिंग टूटते हैं तो ट्रैक पर रगड़ खाते हैं। ऐसे में कोच दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है। ट्रेन में स्प्रिंग का काम काफी महत्वपूर्ण होता है। बड़े स्टेशनों पर ट्रेनों के कोच की स्प्रिंग और पहिए चेक किए जाते हैं।