कानपुर। मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं नौ फरवरी से शुरू हो रही हैं। दो पालियों में मुंशी (फारसी) और मौलवी अरबी (हाईस्कूल समकक्ष) तथा आलिम अरबी–फारसी (इंटरमीडिएट समकक्ष) की परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए जिले में कुल छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
नकलविहीन परीक्षा के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को चार सेक्टर मजिस्ट्रेट, छह स्टैटिक मजिस्ट्रेट और दो सचल दलों की तैनाती की गई है। ये टीमें परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगी। परीक्षा केंद्र के रूप में राम गोपाल कटियार आदर्श इंटर कॉलेज बकोठी बिल्हौर, सिद्दीक फैज-ए-आम इंटर कॉलेज, एमएम अली मेमोरियल इंटर कॉलेज, तालिमुल इस्लाम हायर सेकेंडरी स्कूल, मदरसा कौमी दानिश गाह गर्ल्स स्कूल और कैप्टन सुखवासी जनता इंटर कॉलेज को चयनित किया गया है।
छात्राओं के लिए स्वकेंद्र की व्यवस्था की गई है। परीक्षाएं सुबह आठ से 11 बजे तक तथा दोपहर तीन से शाम छह बजे तक होंगी। परीक्षा केंद्रों, प्रश्नपत्र कक्ष और परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर लगाए गए हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि जनपद में कुल 2187 परीक्षार्थी शामिल होंगे।