मूसानगर। महाराष्ट्र से इंदौर के लिए चीनी लेकर निकले ट्रक तीन दिन से लापता था। इस मामले में मध्यप्रदेश के देवास जनपद की औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। इसके बाद मूसानगर में दो व्यापारियों के यहां छापा मारकर 411 बोरी चीनी, घटना में प्रयुक्त ट्रक व चार लाख रुपये बरामद किए। पुलिस बरामद माल व तीनों आरोपियों को अपने साथ ले गई है।
देवास जनपद के औद्योगिक क्षेत्र थाने के थानाध्यक्ष गौरव नगावत ने बताया कि छह अगस्त को 10 शिव शक्ति नगर बुनढाना रोड मलकापुर महाराष्ट्र निवासी ट्रान्सपोर्टर चिराग उपाध्याय ने उनके थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया था कि उन्होंने 19 लाख रुपये में 840 बोरी चीनी बारामति एग्रो प्राइवेट लिमिटेड हलगांव तहसील जामखेड़ जिला अहिल्यानगर महाराष्ट्र से खरीदी थी। ये चीनी उन्होंने इंदौर की फर्म रामनुज मार्केटिंग को बेची थी। 29 जुलाई को ट्रांसपोर्टर के माध्यम से चीनी उत्तर प्रदेश के ट्रक से इंदौर के लिए भेजी थी। तीन दिन बाद भी ट्रक इंदौर नहीं पहुंचा और चालक का नंबर बंद होने पर चीनी चोरी होने की आशंका जताई थी।
बुधवार को थानाध्यक्ष ने सहायक उप निरीक्षक हितेंद्र चंद्रवंशी, हेड कांस्टेबल सुरेश धाकड़, कांस्टेबल अर्पित जायसवाल व मूसानगर थाना पुलिस के साथ जालौन जनपद के कोटरा निवासी ट्रक चालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह देवास से ललितपुर होकर कानपुर देहात पहुंचा था। यहां उसने कानपुर के उपेंद्र भदौरिया से संपर्क करने के बाद ट्रक मूसानगर ले जाकर चीनी किराना व्यापारी गोविंद ओमर और विशाल साहू को बेची थी। इसके बाद टीम ने व्यापारियों के यहां छापा मारा। टीम ने मौके से 411 बोरी चीनी की बरामद की है। तीनों के पास से कुल चार लाख रुपये व निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त ट्रक बरामद हुआ है। फरार आरोपी उपेंद्र की तलाश की जा रही है।
...................
500 सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद व्यापारियों तक पहुंची पुलिस
थानाध्यक्ष गौरव नगावत ने बताया कि चोरी की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने देवास क्षेत्र से सीसीटीवी फुटेज खंगालकर ट्रक को ट्रेस करना शुरू किया था। टीम 10 दिन में करीब 500 सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस के जरिये मूसानगर तक आई थी। यहां स्थानीय पुलिस की मदद से ट्रक चालक व दोनों व्यापारियों की गिरफ्तारी की गई।
.....................
बचने के लिए दो बार नंबर प्लेट बदली
थानाध्यक्ष नागवार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चालक ने पूछताछ में बताया कि कि उसने ट्रक में लदी चीनी को चोरी करने और पुलिस से बचने के लिए देवास से मूसानगर तक दो बार ट्रक की नंबर प्लेटें बदलीं। साथ ही चोरी की चीनी को अगल-अलग ब्रांड की बोरियों में भरकर मार्केट में सप्लाई करना शुरू किया था। इसके बाद भी पुलिस ने उसको पकड़ लिया।
..................
बयान......
मध्यप्रदेश देवास जनपद के औद्योगिक थाना क्षेत्र की पुलिस ने मूसानगर पुलिस के साथ क्षेत्र से दो व्यापारियों सहित तीन को चीनी चोरी करने के मामले में गिरफ्तार किया है। जरूरी लिखापढ़ी के बाद तीनों आरोपियों व बरामद सामान को पुलिस तीनों को अपने साथ मध्यप्रदेश ले गई है। - अमिता वर्मा, थानाध्यक्ष मूसानगर