पुखरायां। देवराहट थाना के प्रेमपुर में खेत पर मवेशियों के लिए चारा लेने जा रहे किसान की करंट दौड़ते टूटे पड़े बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जता कार्रवाई की मांग की। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने किसान के परिजन को विद्युत विभाग से 10 लाख व दुर्घटना मुआवजा पांच लाख रुपये दिलाए जाने का आश्वासन दिया। साथ लापरवाही पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रेमपुर निवासी देवेश ने बताया कि पिता दुर्गा प्रसाद (55) बुधवार की शाम खेत में मवेशियों के लिए चारा लेने गए थे। खेत में ही विद्युत लाइन का तार टूटा पड़ा था। जिसमें करंट आ रहा था। इसके चपेट में आकर वह झुलस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अनहोनी पर किसान की पत्नी सरवती, देवेश, लवकुश सहित परिजन बिलखते रहे। पत्नी ने बताया कि पुत्र बीरू और अजीत बाहर रहते हैं।
जानकारी होते ही ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए विद्युत निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। एसडीएम देवेंद्र सिंह व देवराहट थाना अध्यक्ष सौरभ राणा पुलिस बल के साथ पहुंचे। वहीं, एक कार्यक्रम में जा रहे कैबिनेट मंत्री राकेश सचान भी पहुंच गए। उन्होंने किसान के परिजन को सांत्वना देते हुए एसडीएम से दुर्घटना मुआवजा पांच लाख दिलाए जाने के लिए निर्देशित किया।
साथ ही कहा कि विद्युत निगम से 10 लाख रुपये मुआवजा दिलाया जाएगा। ग्रामीणों की मांग पर अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। जिसकी कार्रवाई किए जाने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया। वहीं, सपा नेता नरेंद्र पाल सिंह मनु ने पहुंच कर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। साथ ही टूटे पड़े तार को सही न कराने पर बरती गई लापरवाही को लेकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष सौरभ राणा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।