केडीए (कानपुर विकास प्राधिकरण) प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में आवेदन के बाद फ्लैट मिलने की उम्मीद लगाए 2500 से अधिक आवेदकों के लिए राहत भरी खबर है। केडीए ने सकरापुर-चकेरी, महावीर नगर एक्सटेंशन व रामगंगा एंक्लेव पनकी के फ्लैटों के लिए ड्रा कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
14 अगस्त को ड्रा संभावित है। केडीए वीसी के निर्देश पर अधिकारियों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पीएम आवास के लिए केडीए का यह दूसरा ड्रा होगा। पीएम आवास योजना के अंतर्गत केडीए ने इस साल की शुरुआत में 6430 फ्लैटों का लॉटरी ड्रा निकाला था।
इन आवंटियों को आवंटन पत्र देने की प्रक्रिया जारी है। केडीए ने सकरापुर में निर्माणाधीन 2208 फ्लैटों के लिए आवेदन मांगे थे। इसके अलावा महावीर नगर विस्तार योजना और रामगंगा एंक्लेव में बचे फ्लैटों का भी ड्रा होगा।
सकरापुर के लिए सूडा की ओर से अब 1666 आवेदकों का सत्यापन कराया जा चुका है। अन्य योजना के आवेदकों का सत्यापन जारी है। जितने आवेदकों का सत्यापन पूरा हो जाएगा, उनके बीच ड्रॉ करा दिया जाएगा। ड्रा को सफलता से कराने के लिए केडीए वीसी ने नौ सदस्यीय टीम बनाई है। ड्रा दो से तीन दिन तक चल सकता है।