आग की चपेट में आकर बर्रा-सात के सूरजभान (22) की भी मौत हो गई है। जिस बिल्डिंग में आग लगी है सूरज उसी में स्थित एनिमेशन स्टूडियो में थ्री डी आर्टिस्ट थे। सूरजभान के पिता शिवराज का निधन हो चुका है। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में मातम पसर गया। हालांकि सोमवार देर रात तक सूरज की मां मीरा को घटना के बारे में नहीं बताया गया। परिवार के कुछ करीबी सूचना मिलते ही लखनऊ के लिए रवाना भी हो गए हैं।
भतीजे करन ने बताया कि चाचा सूरज रविवार को ही लखनऊ गए थे। अनहोनी ने चाचा को हमेशा के लिए छीन लिया। करन ने बताया कि सूरज का छोटा भाई सम्राट ऋषिकेश गया था, उसे घटना की जानकारी दे दी गई है और लखनऊ रवाना हो गया। भतीजे के मुताबिक मां मीरा को किसी तरह सदमा न पहुंचे, इस कारण उन्हें अभी घटना की जानकारी नहीं दी गई है। सूरज का परिवार बर्रा से पहले गोविंदनगर में रहता था। बीती होली पर ही परिवार गोविंदनगर का मकान छोड़कर बर्रा स्थित घर में शिफ्ट हो गए हैं। सूरज के शव का पोस्टमार्टम सोमवार देर रात हो गया। परिजन शव लेकर घर के लिए निकल गए।