यूपी के हरदोई में सांडी थाना पुलिस ने वनखंडीनाथ मंदिर में प्रेमी युगल की शादी कराई। शादी कार्यक्रम में युवती के परिजन भी मौजूद थे। इस दौरान कई महत्वपूर्ण रस्में भी पुलिसकर्मियों ने ही निभाईं। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम मुरौली कठेरियान निवासी आरती (22) पुत्र रामकिशोर ने लगभग एक सप्ताह पहले सांडी एसओ अरुणेश गुप्ता से मिलकर अपनी पीड़ा बताई थी। एसओ से युवती ने कहा था कि उसके प्रेम संबंध पाली थाना क्षेत्र के गुटकामऊ निवासी सोनू (25) पुत्र ब्रम्हादीन से है।
आरोप लगाया था कि सोनू पर उसके परिजनों ने दबाव बना दिया है, जिससे वह चाहते हुए भी शादी नहीं कर पा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ ने जांच करवाई। एसओ का दावा है कि जांच पड़ताल में इस बात की पुष्टि हुई कि दोनों के बीच दो साल से प्रेम संबंध चल रहे हैं।
एसओ ने बताया कि प्रेमी युगल बालिग होने के साथ पढ़े लिखे भी हैं। इस पर दोनों की शादी मंदिर परिसर में पूरे विधि विधान से करा दी गई। पंडित विजय मिश्रा ने विवाह कराया। इस मौके पर व्यापारी चंद्रभूषण रस्तोगी, शील गुप्ता, सभासद आमोद त्रिवेदी, पुनीत बाजपेई, पीयूष पाठक, सोनू शुक्ला, सत्येंद्र सिंह, अखिलेंद्र के अलावा आरती की मां निर्मला, दादी रामवती, दो भाई रोहित और मोहित भी मौजूद थे। पुलिस और संभ्रांत लोगों ने वर-वधू को उपहार भी दिए।