अछल्दा (औरैया)। थाना क्षेत्र के पूरनपुर गांव में प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी को घर बुलाकर पीट दिया। घायल युवक की मौत पर परिजनों ने शुक्रवार दोपहर शव रखकर थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पूरनपुर निवासी शांतनु (27) का पास के गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। इस बात की जानकारी होने पर युवती के घरवालों ने 24 जून को शांतनु को बहाने से घर बुला लिया। उसकी लाठी डंडों से पिटाई की। हालत गंभीर में उसे घर के बाहर फेंककर चले गए। परिजन उसका सैफई में इलाज करा रहे थे। गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया।
भाई विजय ने गुरुवार को थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस के सुनवाई न करने से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार सुबह फफूंद-अछल्दा मार्ग जाम कर दिया। हंगामा बढ़ता देख सीओ बिधूना मुकेश प्रताप सिंह, फफूंद थाने की पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत कराया। विजय की तहरीर पर पुलिस ने महिपाल सिंह, विपिन, वीरू, सोमा, सोनू, सुघर सिंह के खिलाफ मारपीट, गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।