कानपुर देहात में अकबरपुर के बारा गांव में बात नहीं मानने पर एक युवक ने प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। प्रेमिका के शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। उसकी आंखें फोड़ डाली। रात में ही युवती का खून से लथपथ शव घर के पास स्थित पंचायत भवन के पीछे पड़ा मिला। एसपी अनुराग वत्स ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्यारोपी प्रेमी को दबोच लिया है।
पुलिस वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद करने की कोशिश में लगी है। बारा गांव निवासी प्राइवेट कर्मी मूलचंद की बेटी रोशनी (25) नोएडा में एक मोबाइल चार्जर बनाने वाली फैक्ट्री में नौकरी करती थी। नोएडा में पांच महीने से किराए पर कमरा लेकर रहती थी। दीपावली पर 25 अक्तूबर को वह गांव आई थीं। सोमवार रात करीब 8:30 बजे रोशनी अचानक लापता हो गई थी।