कानपुर। रक्षाबंधन पर परंपरागत रेशम के धागों के साथ भाई की कलाई पर सोने, चांदी और हीरे की बनी राखियों का प्यार सजेगा। सराफा बाजार सोने, चांदी और हीरे की राखियों की कई डिजाइन से भरे हुए हैं। सबसे आकर्षण ब्रेसलेट स्टाइल की राखियां का हैं, जिनका उपयोग गिफ्ट देने में किया जा रहा है। सोने की राखी की कीमत 15 हजार से शुरू होकर तीन लाख रुपये है। वहीं हीरे की राखियां 50 हजार से पांच लाख तक की मिल रही हैं।
लाला पुरुषोत्तम दास ज्वैलर्स के निदेशक विवेक गुप्ता ने बताया कि सोने और हीरे की राखियों की मांग अच्छी है। गिफ्ट और शगुन के तौर पर इन्हें लोग पसंद करते हैं। सोने और हीरे की राखियां ग्राहक बुक करवा रहे हैं। हीरे की राखी में अलग-अलग कैरेट के हीरों का इस्तेमाल किया गया है। कई डिजाइन में इन्हें बाजार में लाया गया है।
आल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि गिफ्ट के तौर पर इन राखियों की सबसे ज्यादा खरीद होती है। सोने-चांदी में महंगाई के बाद भी कारोबार अच्छा रहने की संभावना है। बाजार में उत्साह है। चांदी की राखी बच्चों के बीच तेजी से लोकप्रिय हैं। बाजार में 2500-5000 कीमत की चांदी की बनीं राखियां हैं। सोने की राखियां तीन से पांच ग्राम में आई हैं। कई ग्राहक इनसे अधिक वजन की राखियां भी खरीद रहे हैं।
राखी बाजार में आई रौनक
चावला मार्केट, विद्यार्थी मार्केट, पीरोड, सीसामऊ, बर्रा, किदवईनगर, शिवाला, नवीन मार्केट, लालबंगला, गुमटी नंबर पांच और कल्याणपुर समेत शहर के फुटकर बाजारों में पर्व की रौनक दिखने लगी है। यहां की दुकानों में बुधवार को अच्छी खरीदारी हुई। इस बार देसी राखियों की मांग अधिक है। बाजार में श्रीमद्भागवत, श्रीराम, ओम और भाई-बहन लिखी राखियां हैं। वहीं कानपुर होटल, गेस्ट हाउस, स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रवक्ता राजकुमार भगतानी ने बताया कि शहर के सभी प्रमुख मिठाई की दुकानों में अलग-अलग मिठाइयों की बिक्री शुरु हो गई है।