कानपुर देहात के शिवली में प्रेमी युगल के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। यहां मकान के अंदर एक ही दुपट्टे से फांसी लगाकर प्रेमी युगल ने जान दे दी। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पड़ताल के साथ लोगों से पूछताछ की और प्रेमी के पिता से युवती के बारे में जानकारी हासिल की। भाऊपुर शिवली निवासी 28 वर्षीय नवीन गुप्ता विवाहित थे और दो साल पहले अनबन होने पर उनकी पत्नी मायके चली गई थी। तब से वह अपने मायके में ही रह रही है।
इस बीच नवीन के प्रेम संबंध पड़ोसी गांव की 23 वर्षीय युवती से हो गए। वह अक्सर नवीन से मिलने घर आती थी और दोनों साथ आते-जाते थे। नवीन के विवाहित होने से शादी को लेकर अड़चन बनी थी। दोनों ने अपने परिजनों से बात की थी लेकिन उनके रिश्ते को कोई स्वीकार करने को तैयार नहीं था। वहीं एक शादी के बाद नवीन भी तलाक की कार्यवाही पूरी किए बिना दूसरी शादी करने में असमर्थ महसूस कर रहा था।
सोमवार को युवती नवीन से मिलने घर आई थी। देर रात नवीन ने प्रेमिका के साथ पंखे के कुंडे के सहारे एक ही दुपट्टे से फंदा बनाकर फांसी लगाकर जान दे दी। मंगलवार सुबह ऊपरी मंजिल से नवीन के पिता हरीदास पहुंचे तो फांसी पर दोनों के शव लटकते देख सन्न रह गए।
कुछ देर में ही पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी प्रमोद शुक्ला और फॉरेंसिक टीम पहुंची। फॉरेंसिक ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दोनों ने अपनी मर्जी से आत्मघाती कदम उठाने और किसी का दोष न होने की बात लिखी है। आखिरी में दोनों ने अपने हस्ताक्षर भी किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रेम संबंधों में युवक और युवती ने आत्महत्या की है।