यूपी के कन्नौज जिले के तिर्वा में प्रेमिका की सगाई तय होने से आहत बलनपुर के प्रेमी युगल ने सोमवार रात को गांव के बाहर पेड़ पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को शव के पास लिफाफे में मिठाई और पानी की खाली बोतल मिली है।
इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि खुदकुशी के पहले दोनों ने मिठाई खाई होगी। कोतवाली क्षेत्र के बलनपुर गांव निवासी अभय कुमार उर्फ भूरा (21) पुत्र सुरेंद्र दोहरे दिल्ली में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था।
उसका गांव की उपासना (19) पुत्री विमलेश पाल से करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे। जानकारी होने पर विमलेश पाल ने उपासना की शादी औरैया के बेला कस्बे में तय कर दी थी। 18 सितंबर को सगाई भी हो गई थी। 25 नवंबर को शादी होनी थी।