यूपी के हरदोई जिले में बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के बसेन बाजार के पास स्थित बाग में पेड़ से प्रेमी युगल के शव फंदे से लटकते मिले। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चौधीपुरवा बसेन निवासी अखिलेश (22) और घनश्याम नगर निवासी अलका (20) के बीच करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
दोनों एक ही जाति के थे, लेकिन परिजन दोनों की शादी के लिए राजी नहीं थे। बताया जाता है कि मंगलवार की रात लगभग साढ़े 10 बजे अखिलेश ने अलका को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। दोनों बसेन बाजार के निकट स्थित बाग में पहुंचे।
बुधवार की सुबह दोनों के शव बाग में एक पेड़ पर दो अलग-अलग दुपट्टे के फंदों से लटकते मिले। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने शव लटकते देख दोनों के परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।