प्रेमनगर। बाइक सवार मां बेटी समेत तीन की मौत के पीछे बस की तेज रफ्तार को कारण माना जा रहा है।
हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत से घर में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर मोड़ है, इसके बाद भी चालक ने बस की रफ्तार कम नहीं की थी। हादसे के बाद बारातियों में भी हड़कंप मच गया।
हादसा सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के चौबे सरायं मोड़ पर हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि बस मोड़ पर धीमी होती तो शायद हादसा नहीं होता।
इस मार्ग पर अक्सर प्राइवेट बसें तेज रफ्तार में ही निकलती हैं। हादसे में प्रेमनगर के मन्ना लाल का पुत्र मंजीत उर्फ ननका, बहू आरती और पौत्री वैष्णवी उर्फ बेबी की जान गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बेकाबू बस की टक्कर के बाद बाइक सवार आरती और वैष्णवी उछलकर रोड किनारे गिरे थे, उनके सिर में गंभीर चोट लगी।
वहीं मंजीत बस के नीचे आने से कुचल गया। बस हुसैनगंज थाने के मकनपुर से बारात लेकर उमरपुर गौंती के काजीपुर गांव जा रही थी।
उधर, मृतक मंजीत तीन भाइयों अभिषेक उर्फ बच्चा, पंकज में दूसरे नंबर का था। भाइयों में अभिषेक की ही शादी हुई थी।
परिजनों ने बताया कि मंजीत का भी रिश्ता विजयीपुर क्षेत्र में तय हो गया था। आरती की एक तीन साल की बेटी मुस्कान है।
मुस्कान को परिवार के लोगों ने मां का चेहरा भी नहीं देखने दिया। दादी शकुंतला मुस्कान को गोद में लेकर संभालती रही।
मन्नालाल के घर में ही परचून की दुकान है। प्रभारी निरीक्षक एके गौतम ने बताया कि टक्कर काफी तेज थी, जिससे बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
चौबे के सरांय मुगल सड़क में घटना स्थल पर लगी भीड़। संवाद- फोटो : FATEHPUR
मंजीत की फाइल फोटो। संवाद- फोटो : FATEHPUR
आरती की फाइल फोटो। संवाद- फोटो : FATEHPUR