पेट्रोल पंप पर मुनीम से पूछताछ करते सीओ व कोतवाल
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव ब्राहिमपुर के पास मंगलवार रात स्कार्पियो सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों को बांधकर तीन किमी दूर फेंक दिया। 90 हजार रुपये, एक कंप्यूटर व चार मोबाइल लूट ले गए। पुलिस घटना को मारपीट का मामला मान रही है।
कासगंज जनपद के पटियाली निवासी डा. शिव प्रताप सिंह का कायमगंज अलीगंज रोड पर गांव ब्राहिमपुर के पास पेट्रोल पंप है। इस पंप पर थाना पटियाली क्षेत्र के गांव कमीपुरा निवासी मुनीम महेंद्र सिंह, पटियाली के बड़ोला निवासी सेल्समैन संतोष कुमार, ब्राहिमपुर निवासी ओमशरण चौकीदारी करते हैं। मंगलवार रात बरामदे में तीनों कर्मचारी सो रहे थे। करीब 11.30 बजे एक स्कार्पियो पर सवार नौ नकाबपोश बदमाशों ने तीनों कर्मचारियों को मारपीट कर बांध दिया और करीब तीन किमी दूर गांव ढमडेरा के पास बंबा किनारे एक आलू के खेत में फेंक दिया।
इसके बाद सेल्समैन संतोष को पेट्रोल पंप पर लेकर पहुंचे और केबिन में रखी अलमारी का ताला खोलकर 90 हजार रुपये व एक कंप्यूटर के साथ मुनीम के दो मोबाइल व अन्य कर्मचारियों के दो मोबाइल लूट लिए। लूटपाट के बाद बदमाश संतोष को फिर से वहीं आलू के खेत में छोड़ आए।