फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नौतनवा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में यात्रियों से लूट, बदमाशों ने महिला को चलती ट्रेन से फेंका

Sat, 11 May 2019 07:12 PM IST
प्रशांत कुमार क्राइम डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
प्रतीकात्मक फोटो
विज्ञापन
गोरखपुर से दुर्ग जा रही नौतनवा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में शनिवार तड़के लगभग साढ़े चार बजे मुंबई हावड़ा मार्ग के सतना रेल खंड पर करीब छह बदमाशों ने यात्रियों को पीटकर लूटपाट की। असलहे व चाकू की नाेंक से बदमाशों ने कोच में दहशत फैलाई। जेवर छीनते समय एक महिला विरोध कर बदमाश से भिड़ी तो उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया लेकिन ट्रेन की गति धीमी होने से उसे गंभीर चोट नहीं आई। चार पांच अन्य यात्रियों से नगदी व जेवर लूटकर बदमाश चलती ट्रेन से ही कूदकर भाग निकले। घायल महिला को सतना मप्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सतना जीआरपी थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन


शनिवार गोरखपुर से दुर्ग जा रही नौतनवा एक्सप्रेस इलाहाबाद छिवकी से वाया मानिकपुर सतना के लिए रवाना हुई तो सुबह तीन बजकर 34 मिनट पर चित्रकूट जिले में मानिकपुर पहुंची। तीन बजकर 39 मिनट पर ट्रेन सतना मार्ग की ओर रवाना हुई। स्लीपर कोच नंबर 12 व 13 के यात्रियों ने बताया कि लगभग छह अज्ञात बदमाश हाथों में चाकू लेकर कुछ यात्रियों को जगाकर गाली देते हुए लूट की। मोबाइल, पर्स व जेवर उतरवा लिए। घटना के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे अचानक इस घटना से सभी भयभीत हो गए। कुछ लोगों ने चिल्लाकर विरोध करना चाहा तो बदमाशों ने चाकू दिखाकर मारने की धमकी देकर चुप करा दिया।
विज्ञापन

कोच नंबर 12 की महिला यात्री छत्तीसगढ़ सूरजपुर की मोनिका सिंह व सरगुजा अंबिकापुर निवासी सुलेखा घोष ने बताया कि बदमाश उनके पर्स लेकर जबरन उनके गले व कान के जेवर उतारने लगे। विरोध कर वह एक बदमाश से भिड़ गई। इस दौरान ट्रेन की गति बेहद धीमी हो गई और बदमाश गाली देते हुए भागने लगे। एक बदमाश को सुलेखा ने पकड़ लिया जिसे बाद में एक अन्य बदमाश ने आकर उसे धक्का दे दिया जिससे वह भी ट्रेन के नीचे गिर पड़ी। बदमाश भी चलती ट्रेन से कूदकर भाग निकले। इसी बीच गार्ड को जानकारी होने पर ट्रेन चार बजकर 30 मिनट पर खुटहा मप्र स्टेशन पर रोकी गई। पटरी किनारे गिरी महिला को कुछ यात्री लेकर स्टेशन आए और फिर ट्रेन लगभग 5 बजे सतना स्टेशन पहुंची। 

घटना की जानकारी होते ही पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर के अधिकारी जीआरपी व आरपीएफ टीम सक्रिय हुई। बदमाशों की खोजबीन के लिए जंगल की ओर पुलिस टीम रवाना हुई। पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर के एरिया मैनेजर मृतुंजय कुमार ने बताया कि कुछ अज्ञात बदमाशों ने इस घटना  को अंजाम दिया है। संभावना है कि बदमाश छिवकी या मानिकपुर स्टेशन से चढ़े होंगे। जीआरपी सतना प्रभारी संतोष तिवारी ने दावा किया है कि कुछ बदमाशों की पहचान करा ली गई है। मोबाइल नगदी व कुछ जेवर छीने गए हैं। घायल महिला को सतना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के लगभग आधे घंटे बाद ट्रेन आगे रवाना हो पाई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें