सीसीटीवी में कैद हुई टप्पेबाज की तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के कन्नौज जिले में तिर्वा क्रासिंग के पास भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के अंदर बदमाश ने सेवानिवृत्त दरोगा के 7.30 लाख रुपये पार कर दिए। सेवानिवृत्त दरोगा फर्रुखाबाद से आठ लाख रुपये निकालने बैंक आया था। फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव भाऊपुर चौरासी निवासी रमेश चंद्र सिंह जनवरी 2018 में दरोगा के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इस समय वह फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मसेनी चौराहा स्थित आवास में रह रहे हैं।
बृहस्पतिवार को वह सरायमीरा जीटी रोड पर तिर्वा क्रासिंग के पास स्थित एसबीआई में अपने खाते से पैसे निकालने आए थे। तभी उन्हें बैंक के बाहर करीब 50 वर्षीय व्यक्ति मिला। उसने अपना नाम रमेश सिंह निवासी कानपुर बताया और कहा कि वह बैंक कर्मचारी है और कैश वैन में ड्यूटी करता है। उसने सेवानिवृत्त दरोगा रमेश चंद्र सिंह को 7.30 लाख रुपये की एफडी पर अधिक ब्याज देने का झांसा दिया। इससे वह उसकी बातों में आ गए।