चित्रकूट में खड़ी मुंबई जाने वाली लोकमान्य तिलक
- फोटो : अमर उजाला
मुंबई में लगातार बारिश से बाढ़ की संभावना को देखते हुए इस रूट की ट्रेनों का आगे का परिचालन रद कर दिया गया है। पटना से मुंबई जा ही लोकमान्य तिलक सुपरफास्ट ट्रेन को मानिकपुर जंक्शन से लौटा दिया गया इसी प्रकार काशी एक्सप्रेस को सतना से लौटा दिया गया है। इस दौरान स्टेशन पर रात भर यात्रियों में अफरा तफरी रही।
रेल अधिकारियों ने एनाउंस कर पूरे मामले की बार बार जानकारी दी। यात्रियों को उनकी वापसी उसी ट्रेन से निशुल्क कराई गई। इसके अलावा उनके टिकट के मूल्य की धनराशि उनके संबधित स्टेशन के टिकट विंडो से लेने को कहा गया है। रविवार की रात को सुपरफास्ट लोकमान्य तिलक ट्रेन जैसे ही प्रयागराज से चली तो मानिकपुर जंक्शन पर एनाउंस हुआ कि इस ट्रेन को मुुंबई की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
वहां बाढ़ की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया। इस ट्रेन का स्टापेज मानिकपुर नहीं है लेकिन इसी कारण उसे देर रात लगभग सवा 11 बजे रोका गया। यात्रियों को पूरी जानकारी दी गई। रोहतास बक्सर बिहार निवासी दिनेश सिंह, मुगलसराय निवासी आंशुमान सिंह व रूदीला बेगल और भिवाणी आरा निवासी दीपक ने बताया कि उनका मुंबई में बेहद जरूरी काम है।
अब वहां के हालात के बारे में जानकारी के बाद मजबूरी में लौटना पड़ रहा है। इसी प्रकार सतना पहुंची काशी एक्सप्रेस को भी लौटा दिया गया। उस ट्रेन के यात्रियों को जानकारी दी गई है। स्टेशन अधीक्षक आंचल पांडेय ने बताया कि मुंबई जाने वाली तीन अन्य ट्रेनों को भी रोका गया है और उनका रूट बदला गया है।