छात्र राजनीति से सियासी सफर शुरू करने वाले सांसद सुब्रत पाठक एक बार फिर से पार्टी का विश्वास जीतने में कामयाब हुए हैं। पिछला लोकसभा चुनाव जीतने वाले सुब्रत पाठक पर भाजपा ने फिर से भरोसा जताते हुए टिकट देने का एलान किया है। उन्हें पार्टी ने चौथी बार कन्नौज संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है।
शहर के पीएसएम कॉलेज में पढ़ाई के दौरान छात्र राजनीति में सक्रिय रहे सुब्रत पाठक बाद में भाजपा में जुड़ गए। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष से लेकर भाजपा के जिलाध्यक्ष के सफर के दौरान उन्होंने जिले में भाजपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में तत्कालीन सांसद डिंपल यादव को शिकस्त देने के बाद सुर्खियों में आए सुब्रत पाठक ही इस बार भी कन्नौज संसदीय सीट से टिकट के सबसे मजबूत दावेदार थे। सुब्रत पाठक को भाजपा ने सबसे पहले वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया था।