भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने आवेदकों का सपना तोड़ते हुए पुराने चेहरे पर ही दांव लगाया। विगत चुनाव में सांसद मुकेश राजपूत ने सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी मनोज अग्रवाल को 2.16 लाख वोटों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। इसमें पार्टी वोट के अलावा कुर्मी, शाक्य, यादव बिरादरी के मतदाताओं का भी योगदान रहा है।
सांसद मुकेश राजपूत 2000 से 2005 और 2006 से 2012 तक फर्रूखाबाद जिला पंचायत में दो बार अध्यक्ष रहे। वर्ष 2014 व वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव जीता। सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि वह पार्टी के भरोसे को टूटने नहीं देंगे। भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के दम पर तीसरी बार भी फर्रुखाबाद में कमल खिलाएंगे। लोध बाहुल्य क्षेत्र होने के चलते पार्टी ने पुराने चेहरे पर ही भरोसा दिखाया है। जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने बताया कि पार्टी ने प्रत्याशियों की जो सूची जारी की है, उसमें सांसद मुकेश राजपूत का नाम शामिल है। पूरी दमदारी के साथ उन्हें चुनाव लड़ाया जाएगा।