हरदोई और मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र से इस बार बहुजन समाज पार्टी ने बाहरी प्रत्याशियों पर दांव लगाया है। यही वजह है कि लोकसभा चुनाव में बसपा के दोनों प्रत्याशी जनता से तो खुद को समर्थन देने की अपील करेंगे, लेकिन दोनों ही प्रत्याशी खुद को वोट नहीं दे पाएंगे।
हरदोई लोकसभा क्षेत्र से बसपा ने लखनऊ और फैजाबाद मंडल के प्रभारी भीमराव आंबेडकर को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने नामांकन भी दाखिल कर दिया है। नामांकन पत्र के साथ दिए गए शपथ पत्र के मुताबिक भीमराव आंबेडकर इटावा जनपद के मतदाता हैं और वहीं की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज है। मतलब यह कि वह यहां चुनावी घमासान तो करेंगे, लेकिन खुद को वोट नहीं दे पाएंगे।
कुछ इसी तरह मिश्रिख से बसपा प्रत्याशी सेवानिवृत्त डीएफओ बीआर अहिरवार भी अपने लिए समर्थन जुटाने की कोशिश करेंगे, लेकिन खुद को वोट नहीं दे पाएंगे। नामांकन पत्र के साथ दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक बीआर अहिरवार बिठूर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। दरअसल लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद से ही दोनों सीटों पर प्रत्याशियों की तलाश बसपा तेजी से कर रही थी। बाद में पार्टी ने निर्णय लिया कि कैडर के लोगों को ही चुनाव मैदान में उतारा जाएगा और यही वजह रही कि पार्टी को यहां से बाहरी प्रत्याशी उतारने पड़े।