पुखरायां (कानपुर देहात)। शुक्रवार को दोपहर बाद बाजार में सन्नाटा हो गया। तय शेड्यूल के अनुसार खुलीं दुकानें दोपहर एक बजे बंद कर दी गईं।
पुखरायां बाजार में दाई और बाई तरफ की दुकानें शेड्यूल के अनुसार खोलने का आदेश है। एक-एक दिन के अंतराल में दोपहर एक बजे तक दुकानें खोली जाती हैं।
शुक्रवार को ज्यादातर दुकानों में ग्राहक नहीं पहुंचे। कपड़ा, परचून के दुकानदार मुकेश पांडेय, संदीप गौड़, रिजू दीक्षित, जगन्नाथ ओमर, राजेंद्र वाजपेयी, श्रीबाबू ने बताया कि पुखरायां की बाजार शनिवार को है।
शुक्रवार को दुकानों में सन्नाटा रहा। ग्राहक घरों से नहीं निकले। एसडीएम राजीव राज ने कहा कि खरीददारी करते समय सामाजिक दूरी का पालन करना है। त्योहार घर में ही रहकर मनाएं। दुकानें नियमानुसार ही खुलेंगी। कहीं भी भीड़ जुटी और बिना मास्क के कोई बाजार में मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
युवा व्यापार सभा के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को अकबरपुर में बैठक कर दुकानें खोलने के संशोधित नियम से किराना दुकानें एक दिन छोड़कर खोलने की व्यवस्था पर एतराज जताया है। नितिन गुप्ता, बृजेश पुरवार, कृष्ण कुमार मिश्र, दिलीप ओमर, गोल्डी साहू, संदीप अवस्थी, आशीष मिश्र ने कहा कि अब तक सभी किराना दुकानें खुल रही थीं। नये आदेश से किराना व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शनिवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा।