उत्तर प्रदेश के कानपुर में जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की तरफ से पहले दिन 10 रेस्टोरेंट और 30 मिठाई की दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई। लॉकडाउन-4 में रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों को भी खोलने की अनुमति है।
हालांकि इसके लिए विभाग में घोषणा पत्र जमा करना है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को 40 दुकानदारों को अनुमति दी गई। हालांकि खुल तो इससे कहीं ज्यादा दुकानें रही हैं। विभाग में इस तरह की 1578 दुकानें (रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानें) पंजीकृत हैं।
पंजीकृत और गैर पंजीकृत मिलाकर जिले में पांच हजार से भी ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट हैं। जिला खाद्य औषधि प्रशासन कार्यालय में शपथ पत्र जमा करने गए कारोबारियों ने ऑनलाइन घोषणा पत्र भरवाने और अनुमति देने की बात रखी।
इस पर खाद्य औषधि प्रशासन के अधिकारी विजय प्रताप सिंह का कहना है कि उनके विभाग में अभी इस तरह की व्यवस्था शुरू नहीं हो पाई है। इस वजह से सभी लोगों से शपथ पत्र भरकर कार्यालय में जमा करने को कहा गया है। कोशिश है कि जल्द से जल्द सभी को अनुमति मिल जाए।