चौबेपुर (बिल्हौर)। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए दुकानों की साप्ताहिक बंदी कस्बे में बेअसर साबित हो रही है। पुलिस द्वारा जिला प्रशासन से निर्देशों को सख्ती से अनुपालन न कराए जाने से कई दुकानदार मनमानी कर रहे हैं। इस आधी-अधूरी बंदी से परेशान लोगों ने उच्चाधिकारियों से प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग की है।
मालूम हो कि प्रशासन की ओर से सप्ताह के शनिवार व रविवार को आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर अन्य दुकानें पूर्णतया बंद रखने के निर्देश हैं। इन सबके बावजूद चौबेपुर में पुलिस की निष्क्रियता के चलते निर्देशों का पालन होता नजर नहीं आ रहा। कस्बे में जीटी रोड हो या बेला रोड या फिर बंदी माता मार्ग, प्राय: सभी जगह दुकानदार अपनी मनमानी करने पर आमादा हैं।
स्थानीय निवासी दिनेश शुक्ला, शिवओम गुप्ता, कपिल अवस्थी, श्याम दीक्षित, आसिफ खान, प्रशांत चौरसिया, जितेंद्र गुप्ता और रिंकू शुक्ला आदि ने बताया कि बस्ती के अंदर की बात तो दूर मुख्य मार्गों पर भी वस्तुओं की दुकानें लगातार खुल रही हैं। ऐसे में लॉकडाउन का पालन करने वाले दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। बताया कि जीटी रोड व बंदी माता मार्ग के अलावा बेला रेलवे क्रॉसिंग से लेकर रौतापुर बंबे तक प्रतिष्ठान खुलने को लेकर दुकानदारों में कई बार झड़प भी हो चुकी है। गौरतलब है कि बेला रेलवे क्रॉसिंग व बंदी माता तिराहे पर प्रतिदिन पुलिस चेकिंग अभियान भी चलाती है। इस दौरान बिना मास्क लगाए वाहन चालकों का चालान भी कटता है, लेकिन मौके पर ही मौजूद मिठाई, फास्ट फूड व अन्य चीजों की खुली दुकानों को पुलिस नजरअंदाज किए रहती है।
वहीं, थाना प्रभारी कृष्ण मोहन राय ने बताया कि बिकरू कांड को लेकर व्यस्तता के चलते इस ओर ज्यादा ध्यान नहीं दे पा रहे। जल्द ही अभियान चलाकर नियम उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।