बिल्हौर (कानपुर)। रविवार की भोर कस्बे के विद्युत उपकेंद्र में लगे टॉवर पर एक मानसिक रूप से बीमार युवक चढ़ गया। सुबह टावर पर युवक को बैठा देख वैष्णो नगर मोहल्ले में खलबली मच गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारा।
उपनिरीक्षक सीपी तिवारी ने बताया कि रविवार की भोर उन्हें बिजलीघर के टॉवर पर एक युवक के चढ़ जाने की सूचना मिली, वह सिपाहियों संग मौके पर सुरक्षा उपकरणों संग पहुंचे। पुलिस ने पहुंचते ही टॉवर पर चढ़े युवक से नीचे उतरने को कहा। इस पर युवक धीरे-धीरे नीचे उतरने लगा। बताया कि उक्त युवक का नाम भूरा निवासी चौखंडी है। बताया कि भूरा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसे नीचे उतारकर परिजनों को सौंपा गया और उसका ध्यान रखने की बात कही गई।
कस्बे में करीब दो वर्ष पहले तहसील परिसर में बनी पानी टंकी पर भी एक मानसिक रूप से बीमार लड़की चढ़ गई थी, तब तत्कालीन एसडीएम विनीत कुमार ने नगरपालिका क्षेत्र और ग्राम पंचायत क्षेत्रों में लगे सभी टॉवरों, ओवरहेड टंकियों की सीढ़ियों पर दरवाजे लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्देश का पालन नहीं हो सका।