कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर रमईपुर-जहानाबाद मार्ग पर मुंडन संस्कार कराने जा रही 12 से ज्यादा सवारियों से भरा लोडर रोड रोलर से टकराकर पलट गया। हादसे में एक बैंडकर्मी की मौत हो गई। चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कल्याणपुर बारासिरोही निवासी अमरनाथ अपनी एक वर्षीय बेटी इच्छा का मंगलवार को मंझावन में मुंडन था। चालक चचेरे भाई निखिल ने लोडर में चार बैंड कर्मियों समेत परिवार के 12 से ज्यादा लोगों को बैठा लिया। रमईपुर-जहानाबाद में शाहपुर मोड़ के पास हादसा हो गया। हादसे में बैंडकर्मी बाबू (30), नफीस, बच्ची के ताऊ पुत्तन और मौसी आशिकी व एक अन्य दबकर घायल हो गए।घायलों को मंझावन सीएचसी से हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बैंडकर्मी बाबू की मौत हो गई। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि वाहनों को कब्जे में ले लिया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।