शनिवार को कानपुर-रसूलाबाद रोड पर कानपुर की ओर से आ रहे एक लोडर ने साइकिल से जा रहे दो बच्चों को टक्कर मार दी। जिससे एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे को मामूली चोटे आई हैं।
जिससे उत्तेजित ग्रामीणों ने चालक की पिटाई कर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची उपजिलाधिकारी व पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को कानपुर-रसूलाबाद रोड पर हिमांशू (12) पुत्र कमल सविता निवासी बहादुरपुर अपने साथी नीरज गौतम (14) के साथ साइकिल से मौसी के लड़के के तिलक में शामिल होने पहाड़ीपुर जा रहा था।
तभी पहाड़ीपुर चौराहे पर कानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे हिमांशू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नीरज घायल हो गया। जानकारी पर पहुंचे मृतक हिमांशू के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
वहीं बच्चे की मौत पर उत्तेजित ग्रामीणों ने चालक की पिटाई कर दी और रोड जाम कर दिया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची उपजिलाधिकारी विनीता सिंह, नायब तहसीलदार सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा।
एसडीएम ने परिजनों को आर्थिक सहायता का आश्वासन देकर उत्तेजित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इस दौरान करीब तीन घंटे जाम लगने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई।