रनियां। थाना क्षेत्र में रात में शराब ठेका बंद होते ही पान मसाला, किराना दुकानों के साथ होटल ढाबों पर अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की लोग शिकायत कर रहे थे। इस पर शुक्रवार को आबकारी विभाग की टीम ने अभियान चलाकर दुकानों पर छापा मारा। टीम ने दो दुकानों से शराब बरामद की है।
आबकारी निरीक्षक रामवीर यादव ने बताया कि अवैध रूप से शराब बिक्री पर रोक लगाए जाने के लिए अभियान शुरू किया गया है। शुक्रवार को टीम ने रनियां पड़ाव स्थित सुरेंद्र सिंह की पान मसाला की दुकान पर छापा मारा। टीम ने दुकान के अंदर से 225 देसी शराब के क्वार्टर बरामद हुए हैं। इसके बाद टीम ने उमरन चौराहा स्थित विक्रम सिंह की परचून की दुकान पर छापा मारा। टीम ने दुकान के अंदर से 40 देसी शराब के क्वार्टर बरामद किए हैं। दोनों दुकानदार रात में शराब ठेका बंद होने के बाद फैक्टरियों में काम करने वाले मजदूरों व राहगीरों को महंगे दाम पर शराब बेचते थे। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।