फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव 2019 में नकली शराब खपाने की थी साजिश, पकड़ा गया 450 लीटर केमिकल

Mon, 01 Apr 2019 08:27 PM IST
प्रभापुंज मिश्रा यूपी डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
बरामद दी गई नकली शराब (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली पुलिस और आईजी की क्राइम ब्रांच टीम ने सोमवार सुबह रूरा रोड पर मजार के पास एक वैन में शराब बनाने वाला 450 लीटर केमिकल, हजारों की संख्या में शराब के पैपर और ढक्कन बरामद किए। वैन से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक भाग निकला।
विज्ञापन


आरोपियों में एक चौबेपुर और दूसरा कौशांबी जिले का रहने वाला है। नकली शराब बनाकर लोकसभा चुनाव के दौरान खपाने की साजिश थी। एसपी राधेश्याम ने बताया कि मुखबिर ने शराब बनाने वाला केमिकल चौबेपुर से घाटमपुर ले जाए जाने की सूचना दी थी। इस पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस और आईजी की क्राइम ब्रांच टीम ने सोमवार सुबह घेराबंदी कर अकबरपुर की मजनू शाह बाबा मजार के पास वैन को पकड़ लिया।

वैन में 9 केन में 450 लीटर शराब बनाने वाला केमिकल मिला

एसपी के अनुसार वैन में 9 केन में 450 लीटर शराब बनाने वाला केमिकल, मिस्टर ब्रांड शराब के 1110 रैपर,पीकेवाई मार्का के 3930 रैपर और 1273 ढक्कन बरामद किए गए। पुलिस टीम ने वैन से चौबेपुर थाना क्षेत्र के ततारपुर निवासी श्याम सिंह और कौशांबी जिले के चकमाऊ कोखराज निवासी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया।

एक युवक भाग निकला। एसपी ने बताया कि पकड़े गए लोग केमिकल में रंग और पानी मिलाकर नकली शराब बनाते थे। इसे क्वार्टर में पैक कर नकली होलोग्राम व रैपर का प्रयोग कर गांवों में बिक्री करते हैं। गिरफ्तार युवकों ने पुलिस ने बताया कि गिरोह बनाकर कानपुर नगर और कानपुर देहात जिले के ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब का कारोबार करते हैं।
 
 
विज्ञापन

पुलिस कर रही छानबीन कहां से लाया गया था केमिकल

गिरोह के कुछ सदस्य जेल में बंद हैं। गिरोह के सदस्यों की जानकारी पुलिस जुटा रही है। ये लोग लोकसभा चुनाव में खपाने के लिए नकली शराब तैयार करने की साजिश रच रहे थे। पुलिस जिला आबकारी निरीक्षक गिरिराज सिंह से बरामद सामग्री की जांच कराई। उन्होंने होलोग्राम व ढक्कन नकली होने की पुष्टि की।

एसपी ने अकबरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऋषिकांत शुक्ला और आईजी के क्राइम ब्रांच प्रभारी विनोद मिश्रा की टीम को बीस हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। एसपी ने बताया कि दोनों युवकों पर धोखाधड़ी, नकली शराब बनाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

केमिकल के साथ पकडे़ गए युवकों को पुलिस ने करीब आठ घंटे तक हिरासत में रखा इसके बावजूद ये पता नहीं लगा पाई कि केमिकल घाटमपुर में कहां ले जाया जा रहा था। वहां कहां पर नकली शराब बनाई जाती है। गिरफ्तार युवक रिश्ते में मामा भांजे हैं। पुलिस ये भी पता नहीं लगा पाई कि चौबेपुर में बड़ी मात्रा में केमिकल कहां से लाया गया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें