इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य ने बताया कि गांधी नगर स्थित एक अपार्टमेंट (गुलाम अली का हाता) की तीसरे मंजिल पर फ्लैट में मोहम्मद रईस परिवार के साथ रहते हैं। रईस सऊदी में नौकरी करते हैं। इन दिनों वह घर आए हैं। पुलिस के मुताबिक 22 मार्च को रईस अपनी पत्नी व बेटी के साथ कालपी में एक रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
28 मार्च को लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला। अलमारी में रखे करीब दस लाख के जेवरात, 13 हजार की नकदी और 335 रियाल (विदेशी मुद्रा) गायब थे। रविवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मोहम्मद रईस ने चौथी मंजिल पर रहने वाले मोहम्मद ताहिर सिद्दीकी उर्फ बाबू पर शक जाहिर किया था। ताहिर पनकी पावर हाउस में सहायक हेल्पर है। सीओ सीसामऊ ने बताया कि सख्ती से जब पूछताछ की गई तो ताहिर ने घटना कबूली और चोरी का माल भी बरामद कराया। ताहिर ने बताया कि उसने जेम्स बांड की एक फिल्म से प्लास और पेंचकस से ताला तोड़ने की ट्रिक सीखी थी। इससे ताला टूटने की आवाज नहीं आती है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कुछ दिन पहले पत्नी से उसका झगड़ा हो गया था। वह नाराज होकर मायके चली गई थी। मां भी साथ में नहीं रहती है। इस दौरान वह घर में दिन-रात फिल्म देखता था। छत से रईस के घर पर ताला देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।