आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात लायंस के कप्तान सुरेश रैना के ग्रीनपार्क स्टेडियम को दूसरा होम ग्राउंड चुने जाने की इच्छा के बाद यहां आईपीएल के दो से अधिक मैच होना लगभग तय है।
आईपीएल सीजन-9 में पहली बार शामिल हुई टीम का पहला होम ग्राउंड मैदान सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन का राजकोट स्थित क्रिकेट स्टेडियम है। ग्रीनपार्क में आईपीएल मैच होने की शीघ्र ही औपचारिक घोषणा भी हो सकती है। यहां लगी फ्लड लाइटों की रोशनी ठीक करने का काम तेज कर दिया गया है।
उधर, जिला और ग्रीनपार्क प्रशासन का दावा है कि आईपीएल मैच के लिए हम तैयार हैं। मालूम हो कि रैना का ग्रीनपार्क स्टेडियम से काफी जुड़ाव है। वह कई अंतरराष्ट्रीय मैचों के अलावा यहां तमाम घरेलू मैच खेल चुके हैं।
गुजरात लायंस की टीम ने शहर के क्रिकेटर अमित मिश्रा, उमंग शर्मा, अक्षयदीप नाथ को 10 लाख रुपये बेस प्राइस में खरीदा है। सूत्रों ने बताया कि आईपीएल में प्रावधान है कि प्रत्येक आईपीएल टीम विरोधी टीम के घरेलू मैदानों पर मैच खेलती है। ऐसे में ग्रीनपार्क में मैच होना लगभग तय माना जा रहा है।
इसके अलावा ग्रीनपार्क में लगी फ्लड लाइटों पर बीसीसीआई टीवी के चीफ कैमरामैन बीके श्रीनाथ संतुष्टि जता चुके हैं। हालांकि उन्होंने फ्लड लाइटों में सुधार करने के भी निर्देश दिए हैं।
फ्लड लाइट दुरुस्त
ग्रीनपार्क में लगी फ्लड लाइटों से 1800 लक्स लाइट मैदान पर गिरती है जबकि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 2000 लक्स लाइटें गिरती हैं। बीसीसीआई टीवी के चीफ कैमरामैन ने यहां भी 2000 लक्स लाइट लाने के निर्देश दिए हैं। इस पर काम शुरू हो चुका है। इसके बाद यह क्षमता बढ़कर 2000 से ज्यादा हो जाएगी।
कप्तान की चाहत
गुजरात लायंस के कप्तान रैना के अलावा टीम के कई खिलाड़ी ग्रीनपार्क स्टेडियम में कई मैच खेल चुके हैं। यहां की पिच से सभी वाकिफ हैं। टीम पहली बार आईपीएल में हिस्सा ले रही है। टीम प्रबंधन की मंशा है कि अधिक से अधिक मैच जीतकर फ्रेंचाइजी छाप छोड़े। ऐसे में घरेलू मैदान पर सभी खिलाड़ी मैच खेलना चाहते हैं।