कानपुर। दिवाली से पहले शहर की बदहाल मार्ग प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। शहर की खराब स्ट्रीट लाइटों को लेकर संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से मंगलवार को प्रकाशित की गई खबर का नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने संज्ञान लिया। उन्होंने मार्ग प्रकाश विभाग के अधिकारियों को दिन-रात अभियान चलाकर सभी खराब लाइटें ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके बाद मंगलवार सुबह से ही विभागीय टीमें वाहनों के साथ सड़कों पर उतर गईं।
जीटी रोड, कालपी रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर मरम्मत का काम शुरू किया गया। कालपी रोड पर विजयनगर से फजलगंज चौराहे तक चार और पनकी धाम मंदिर से स्टेशन मार्ग पर दो खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक की गईं। नगर आयुक्त ने बर्रा, गोविंदनगर पुराना पुल, जूही, निरालानगर, चकेरी, काकादेव, शास्त्रीनगर, मसवानपुर, रावतपुर, चमनगंज समेत कई इलाकों व पाकों में तीन दिन के भीतर खराब लाइटें और टॉवर दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। वहीं मार्ग प्रकाश अधिकारी आरके पाल ने बताया कि सीओडी पुल उतरने के बाद डिफेंस क्षेत्र आ जाता है जहां अक्सर विद्युत आपूर्ति प्रभावित होती है जिससे कनेक्शन न मिलने से लाइटें बंद रहती हैं। इसके लिए केस्को एमडी को पत्र भेजा गया है।